नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीबीआई निदेशक चयन समिति की कार्यवाही पर कड़ा विरोध दर्ज करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। राहुल गांधी ने यह पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए चयन प्रक्रिया को पक्षपातपूर्ण और अपारदर्शी बताया।राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने सीबीआई जैसी प्रमुख जांच एजेंसी का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों, पत्रकारों और आलोचकों को निशाना बनाने के लिए किया है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता को चयन समिति में शामिल करने का उद्देश्य निष्पक्षता बनाए रखना है, लेकिन उन्हें प्रक्रिया में कोई सार्थक भूमिका नहीं दी गई।पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पात्र उम्मीदवारों की सेल्फ-अप्रेजल और 360 डिग्री रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई। बैठक के दौरान ही 69 उम्मीदवारों के दस्तावेज देखने के लिए दिए गए, जिससे निष्पक्ष मूल्यांकन संभव नहीं था। उन्होंने इसे चयन प्रक्रिया का मजाक बताते हुए कहा कि सरकार पहले से तय उम्मीदवार को चुनना चाहती है। राहुल गांधी ने चयन प्रक्रिया के खिलाफ अपना कड़ा असहमति पत्र दर्ज कराया है।
