ग्वालियर: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को भोपाल में ‘संविधान रक्षा मार्च’ का आयोजन किया जाएगा। इस मार्च के माध्यम से ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ एवं ‘वोट रक्षक अभियान’ का शुभारंभ किया जाएगा। इस मार्च में ग्वालियर चंबल अंचल के सभी जिलों से कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।
22 नवंबर तक सभी जिलों में बैठकें आयोजित कर प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। मंडलम अध्यक्षों को प्रशिक्षित करने के साथ बीएलए, बूथ समिति सदस्यों एवं युवा कार्यकर्ताओं को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। 22 से 30 नवंबर तक वोट रक्षकों द्वारा बूथ स्तर पर हटाए गए मतदाताओं के नामों का सत्यापन किया जाएगा। इस कार्य की प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी तक पहुंचाई जाएगी।
29 नवंबर से 15 दिसंबर तक सत्यापन के निष्कर्षों के आधार पर ग्राम स्तर पर ‘वोट बचाओ–देश बचाओ चौपाल’ आयोजित की जाएंगी। इन चौपालों के माध्यम से आम नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा।अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाएंगे। साथ ही नागरिकों को वोट रक्षक अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। ग्वालियर चंबल के सभी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, विधायक, पूर्व विधायक, विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्षों तथा मोर्चा-संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों से अपील की गई है कि वे अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक बूथ तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करें।
