दस दिन में जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस से 45000 यात्रियों ने किया सफर

श्रीनगर 12 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर गलियारे में चलने वाले वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन यात्रियों की पसंदीदा ट्रेन बनती रही है, जिसका प्रमाण है कि पिछले 10 दिनों में जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में करीब 45000 से यात्रियों ने सफर किया है।

यह जानकारी रेलवे ने मंगलवार को दी। रेलवे के अनुसार दो मई से नियमित परिचालन शुरू होने के बाद से इस अत्याधुनिक ट्रेन ने 11 मई तक दोनों दिशाओं में 44,727 यात्रियों को उनकी मंजिलों तक पहुंचाया। रेलवे के अनुसार वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में तीन मई को 4,977 यात्री, आठ मई को 4,955, नौ मई को 5,284, 10 मई को 5,657 और 11 मई को 5,024 यात्रियों ने सफर किया। रेलवे के अनुसार जब यह ट्रेन आठ कोचों के साथ चलती थी, तो पूरी तरह भर जाती थीं और अब 20 डिब्बों के विस्तार के बाद भी ट्रेनें लगभग पूरी क्षमता से चल रही हैं।

गौरतलब है कि यह ट्रेन पहले श्रीनगर से कटरा तक चलती, जो अब श्रीनगर से जम्मू तवी तक चलती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छह जून, 2025 को श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।

वहीं रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने गत 30 अप्रैल को इसके विस्तारित सेवा को हरी झंडी दिखाई थी। पहले यह ट्रेन आठ कोचों के साथ चलती थी। मौजूदा समय में इसमें 20 कोच है। श्रीनगर-जम्मू तवी वंदे भारत ने पहले सप्ताह यानी दो मई से आठ मई तक 28,762 यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचायी।

जम्मू-कश्मीर गलियारे पर चलने वाली वंदे भारत सेवाओं की दो जोड़ियां हैं, जिसमें ट्रेन संख्या 26401 (जम्मू-तवी से श्रीनगर) और इसकी वापसी सेवा ट्रेन संख्या 26402 (श्रीनगर से जम्मू-तवी) है। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती हैं। वहीं, ट्रेन संख्या 26403 (जम्मू-तवी से श्रीनगर) और इसकी वापसी ट्रेन संख्या 26404 (श्रीनगर से जम्मू-तवी) है। यह बुधवार को छोड़कर सभी दिन चलती हैं।

रेलवे ने बताया है कि जिन दिनों में केवल एक जोड़ी ट्रेनें परिचालित हुईं, उन दिनों में पांच मई को इसका इस्तेमाल दर 95.03 प्रतिशत और छह मई को 94.79 प्रतिशत तक पहुंच गई। वहीं, सप्ताहांत (शनिवार और रविवार) में लगभग 11,000 यात्रियों ने यात्रा की।

रेलवे ने बताया कि रविवार (10 मई) को इसका इस्तेमाल करने की दर 98.21 प्रतिशत रही, इस गलियारे में पर्यटन की अपार संभावनाओं को दर्शाती है।

रेलवे ने कहा है कि इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस सबसे किफायती परिवहन विकल्प है। हवाई यात्रा की तुलना में काफी कम कीमत पर इस ट्रेन में भोजन सहित चेयर कार का टिकट मिल जाता है।

रेलवे ने कहा है कि जम्मू के ऊंचे-नीचे भूभाग से लेकर, गुरुत्वाकर्षण को चुनौती देने वाले चेनाब और अंजी पुलों को पार करके हिमालय की चट्टानों को काटकर बनाई गई सुरंगों से गुजरते हुए, कश्मीर की धूप से जगमगाती घाटियों तक, इस यात्रा का हर किलोमीटर अपने आप में एक अनूठा अनुभव है।

 

 

Next Post

नीट-यूजी पेपर लीक मामला: दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, जल्द होगी दोबारा परीक्षा : एनटीए प्रमुख

Tue May 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 मई (वार्ता) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने मंगलवार को कहा है कि नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में शामिल किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा और नयी परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से कराई जाएगी जिसका शेडयूल अगले दस दिनों के भीतर […]

You May Like