मुंबई, 12 मई (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के देश के सबसे बड़े ऋणदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने विदेशी मुद्रा में दो अरब डॉलर जुटाने की दीर्घकालीन योजना बनायी है जिसे बैंक के निदेशकमंडल की मंजूरी मिल गयी है।
एसबीआई ने मंगलवार को शेयर बाजारों को बताया कि निदेशक मंडल की मंगलवार को हुई बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी। यह पूंजी दीर्घकालिक पब्लिक ऑफर, निश्चित या फ्लोटिंग दर वाले बॉन्ड के प्राइवेट प्लेसमेंट आदि के माध्यम से जुटायी जायेगी।
प्रस्ताव में कहा गया है कि दो अरब डॉलर की यह पूंजी एक ही बार में या कई किस्तों में भी जुटायी जा सकती है। यह अमेरिकी डॉलर या दूसरी किसी प्रमुख मुद्रा में जुटाने की छूट होगी जिस पर फैसला बाद में किया जायेगा।
इससे पहले एसबीआई ने गत 07 मई को इस प्रस्ताव और इस संबंध में निदेशक मंडल की 12 मई को होने वाली बैठक की जानकारी दी थी।
