
सैलाना। नगर के आस्था केंद्र मां कालिका माता मंदिर में हुई चोरी और चोरी के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का सैलाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 25 हजार रुपए का चोरी गया सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात बदमाश मंदिर परिसर के साइड में लगे लोहे की जाली वाले गेट को मोडक़र अंदर घुसे थे। इसके बाद उन्होंने मंदिर में रखा एम्प्लीफायर चोरी कर लिया तथा रेलिंग तोडक़र दानपात्र ले जाने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस गश्त की आशंका के चलते बदमाश दानपात्र वहीं छोडक़र फरार हो गए थे।
घटना के बाद नगर में रोष का माहौल बन गया। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने नगर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पुलिस ने देर रात दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात कबूल कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश पिता धन्नालाल मईडा निवासी मकोडिया रुड़ी थाना सरवन तथा विजय पिता बसा मईडा निवासी कुटुंबी राजस्थान हाल मुकाम नौलखा सैलाना के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि दो दिन पहले मंदिर परिसर से चोरी हुआ टिल्लू मोटर पंप भी उन्होंने ही चुराया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एम्प्लीफायर और टिल्लू मोटर पंप बरामद कर लिया है।
कार्रवाई में एसआई शंकर सिंह शक्तावत, एएसआई सीताराम तेनीवार, आरक्षक फकीरचंद्र सोलंकी, तूफान भूरिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। धार्मिक स्थल पर हुई वारदात का त्वरित खुलासा होने से श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने राहत की सांस ली है।
टीम की सक्रियता से खुलासा
थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने नगर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस ने देर रात दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने वारदात कबूल कर ली।
