इंदौर:परदेशीपुरा थाना क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने शादी की जिद में आकर अपने ही पिता पर ब्लेड से हमला कर उनका सीना चीर दिया। घायल को परिजन एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।घटना कुलकर्णी का भट्टा इलाके की है। 55 वर्षीय किशोर यादव अपने घर में बेटे मनीष के साथ मौजूद थे।
तभी अचानक मनीष, जो पहले से शादी की मांग को लेकर तनाव में था, गुस्से में तमतमाता हुआ पिता के पास आया और बोला कितनी बार कहा है मेरी शादी करा दो, लेकिन आप हर बार टाल देते हो, इस पर पिता ने शांत स्वर में कहा अभी तो रात है, सुबह लड़की देखने चलेंगे। लेकिन बेटे का पारा सातवें आसमान पर था। उसने गालियां देना शुरू कर दिया और फिर धक्का-मक्की करते हुए अपने ही पिता का गला पकड़ लिया।
हालात तब और बिगड़ गए जब मनीष ने पास ही रखी दाढ़ी बनाने वाली ब्लेड उठाई और सीधे अपने पिता के सीने पर दाहिनी ओर वार कर दिया। वार इतना तेज था कि खून बहने लगा और घर में अफरा-तफरी मच गई। घायल पिता किसी तरह जान बचाकर बाहर भागे और पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचे। इसके बाद थाना परदेशीपुरा में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने फरियादी पिता की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
