
जबलपुर। ग्वारीघाट थाना अंतर्गत आस्था नगर के पास बीती रात रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रहे गायों के झुंड के सामने अचानक ट्रेन आने से मची भगदड़ में तीन गायों ने पुल से नीचे छलांग लगा दी। इस हादसे में दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गाय की चपेट में आने से नीचे से गुजर रहा राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्वारीघाट थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे के अनुसार बीती रात गायों का एक झुंड आस्था नगर के पास रेलवे ओवरब्रिज पार कर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेन वहां से गुजरी। ट्रेन की गति और हॉर्न के शोर से गायें बुरी तरह डर गईं और उनमें भगदड़ मच गई। जान बचाने की कोशिश में तीन गायों ने सीधे पुल से नीचे छलांग लगा दी। जिस वक्त गायें ऊपर से नीचे गिरीं, उसी समय वहां से एक राहगीर गुजर रहा था। एक गाय सीधे राहगीर के ऊपर जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्वारीघाट पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को अपनी ही गाड़ी से मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में दो गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरी गाय गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर पहुंची पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मृत व घायल गायों को वेटरनरी अस्पताल शिफ्ट किया।
