मकान पर कब्जे की नीयत से हार्डवेयर कारोबारी के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

ग्वालियर: शहर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र स्थित नारायण विहार कॉलोनी में रात में दहशत फैल गई। यहां एक हार्डवेयर कारोबारी के मकान पर कब्जा करने की नीयत से आए बदमाशों ने उनके घर पर कट्टों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।आरोपी पिछले 10 महीने से कारोबारी को घर खाली करने के लिए परेशान कर रहे हैं। पूरा विवाद नोटरी पर खरीदे मकान को लेकर है। पुलिस ने तीन नामजद समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फायरिंग का एक फुटेज भी सामने आया है।

नारायण विहार निवासी 50 वर्षीय तहसीलदार राठौर की डीडी नगर में हार्डवेयर की शॉप है। उन्होंने बताया कि उनके भाई पूरन सिंह के मकान में पहले अमित राठौर नामक व्यक्ति रहता था। अमित हलवाई है। अमित की नीयत मकान पर खराब है।हालांकि अमित ने 6 महीने पहले अपना खुद का मकान बना लिया है, लेकिन वह अब भी घर पर कब्जा करना चाहता है। इसी मकान में तहसीलदार भी 10 सालों से रह रहा है। साल 2023 में मकान मालिक मुख्तार खान से नोटरी भी करा ली थी। अब आरोपी पक्ष मकान पर अपना दावा जताते हुए खाली करने के लिए कह रहा है।

वारदात की शुरुआत दोपहर से हुई थी। आरोपी अमित राठौर अपने साथी कुलदीप राठौर, अनिल परमार और करीब एक दर्जन लोगों के साथ तहसीलदार के घर पहुंचा। वहां उसने जबरन मकान खाली कराने के लिए विवाद किया, लेकिन मोहल्ले वालों के बीच-बचाव से मामला शांत हो गया। रात करीब 11:30 बजे आरोपी फिर से आए और अपशब्द कहते हुए फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से पूरी कॉलोनी में सन्नाटा पसर गया। आरोपी धमकी देते हुए चले गए कि अगर घर खाली नहीं किया तो अंजाम बुरा होगा।
गोला का मंदिर थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी तब तक फरार हो चुके थे। पुलिस को घटनास्थल से खाली खोखे और अन्य साक्ष्य मिले हैं। पुलिस की टीमें अब आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही फरियादी पक्ष ने जो फुटेज व मोबाइल शूट वीडियो उपलब्ध कराए हैं।उनको जांच में ले लिया है।

Next Post

अज्ञात वाहन की टक्कर से शिक्षक की मौत

Mon May 11 , 2026
दमोह: जिले नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर मार्ग पर अभाना के पास रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से शासकीय शिक्षक (जनगणना) वीरेंद्र कुमार मेहरा की मौत हो गई. घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में दमोह जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.प्राप्त जानकारी के […]

You May Like