जबलपुर : नगर के शंकरशाह वार्ड में इन दिनों सफाई व्यवस्था को लेकर रहवासियों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि कई कॉलोनियों में नियमित रूप से कचरा गाड़ी नहीं पहुंचती, जिसके कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लग रहे हैं। बदबू और गंदगी से लोगों को रोज़ाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गर्मी के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। स्थानीय रहवासियों के अनुसार कई बार नगर निगम में शिकायत करने के बाद अगले दिन सफाई तो कर दी जाती है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर वही हालात बन जाते हैं। लोगों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा, केवल शिकायत शांत कराने के लिए अस्थायी सफाई कर दी जाती है।
जिम्मेदारी लेने से बचते रहे पार्षद
मामले को लेकर जब रामपुर क्षेत्र के दो अलग अलग पार्षदों से बात की गई तो दोनों के बीच वार्ड की जिम्मेदारी को लेकर भ्रम की स्थिति देखने को मिली। जहाँ एक पार्षद ने इसे दूसरे वार्ड का हिस्सा बताया, जबकि दूसरे पार्षद ने भी जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया दोनों ही पार्षद बीजेपी और कांग्रेस पार्टी के बीच उलझ के रह गए थे। वही रहवासियों का आरोप है कि अपनी लापरवाही छुपाने के लिए जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाली जा रही है, जबकि समस्या का असर आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि चुनाव के समय विकास और सफाई के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर हालात अलग दिखाई देते हैं। कॉलोनियों में नियमित सफाई नहीं होने से बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा गाड़ी भेजी जाए और सफाई व्यवस्था की निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि लोगों को गंदगी और बदबू से राहत मिल सके।
