‘रंगला’ बनाने का वादा करने वाली आप ने पंजाब के खजाने को ‘कंगला’ बना दियाः भाजपा

नयी दिल्ली 09 मई (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) पर पंजाब की जनता के विश्वास और जनादेश के साथ धोखा देने का आरोप लगाया है और कहा है कि ‘रंगला’ बनाने का वादा करने वाली आप ने पंजाब के खजाने को लूटकर ‘कंगला’ बना दिया है

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शनिवार को भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आप पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि आप ने समृद्ध और खुशहाल पंजाब बनाने का वादा किया था, लेकिन राज्य को आर्थिक बर्बादी की ओर धकेल दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने आप को पंजाब सरकार चलाने के लिए जनादेश दिया था, पंजाब को लूटने का नहीं। आप ने पंजाब को ‘रंगला’ बनाने का वादा किया था, लेकिन पंजाब के खजाने को ‘कंगला’ बनाने का काम किया। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे के दौरान कथित तौर पर नौवीं मंज़िल की बालकनी से 21 लाख रुपये नकद फेंके जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री चड्ढा ने पैसे के स्रोत और वैधता पर गंभीर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि कोई भी ईमानदार व्यक्ति अपनी मेहनत की कमाई को इस तरह नहीं फेंक सकता। अगर यह पैसा ईमानदारी से कमाया गया होता तो कोई इसे नौवीं मंज़िल से नीचे नहीं फेंकता। उन्होंने कहा कि 21 लाख रुपये छोड़िए, ईमानदारी से कमाए गए 21 रुपये भी कोई नहीं फेंकता। उन्होंने कहा कि यह घटना स्वयं भ्रष्टाचार और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग की ओर इशारा करती है।

श्री चड्ढा ने जांच के दौरान सामने आए कथित दस्तावेजों का उल्लेख करते हुए कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), कनाडा और ऑस्ट्रेलिया स्थित कंपनियों के जरिए सैकड़ों करोड़ रुपये की राउंड-ट्रिपिंग किए जाने के संकेत मिले हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी कंपनियों के माध्यम से धन के कथित लेनदेन से बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार के नेटवर्क का संकेत मिलता है।

उन्होंने कहा कि ये खुलासे उन चिंताओं को सही साबित करते हैं जिन्हें पहले सात राज्यसभा सांसदों समेत कई नेताओं ने पार्टी से दूरी बनाते समय उठाया था। उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ चुके कई नेताओं ने लगातार चेतावनी दी थी कि आप अब उन सिद्धांतों पर नहीं चल रही जिनका वह दावा करती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिशों को दबाया गया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ पंजाब भारी कर्ज के बोझ से जूझ रहा है, दूसरी ओर आरोप सामने आ रहे हैं कि पंजाब के खजाने को लूटकर हवाला के जरिए पैसा विदेश भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सत्ता में बैठे लोगों से जवाबदेही, ईमानदारी और पारदर्शिता की हकदार है।

इस दौरान श्री चड्ढा ने कहा कि जांच एजेंसियां अपना कानूनी काम करेंगी, लेकिन अंतिम फैसला पंजाब की जनता करेगी। उन्होंने कहा कि एजेंसियां अपना काम करेंगी, लेकिन असली कार्रवाई पंजाब की जनता करेगी। पंजाब की जनता इस विश्वासघात और लूट का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में देगी।

 

 

 

Next Post

पारसी समुदाय की विरासत को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता : रिजिजू

Sat May 9 , 2026
नयी दिल्ली 09 मई (वार्ता) केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पारसी समुदाय की विरासत को संरक्षित करने और उनकी घटती जनसंख्या से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। श्री रिजिजू ने मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) के […]

You May Like