इंदौर: रविवार को नगर निगम आयुक्त ने आरई -2 मास्टर प्लान की सड़क में बाधक बस्ती का निरीक्षण किया. इस दौरान मास्टर प्लान सड़क को पूरा करने और पीएम आवास योजना में नीलगिरि परिसर का जायजा लिया. उन्होंने सड़क में बाधक बस्ती के रहवासियों का व्यवस्थित पुनर्वास करने और पुनर्वास स्थल नीलगिरी परिसर में मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली.
निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज सुबह भूरीटेकरी से नायता मुंडला के बीच मास्टर प्लान की निर्माणाधीन आरई-2 सड़क दौरा किया. आयुक्त ने सड़क में बाधक बिचौली काकड़, शिव नगर एवं शिव दर्शन नगर बस्ती का भी मौका निरीक्षण किया. इसके बाद आयुक्त ने बस्ती के रहवासियों से चर्चा की और नीलगिरी परिसर में पुनर्वास करने की जानकारी दी. आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण में बाधक बस्तियों के रहवासियों के पुनर्वास को समन्वय के द्वारा पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने पुनर्वास में मूलभूत सुविधा करने तथा सड़क निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी नहीं करने के आदेश दिए. निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आकाश सिंह, प्रखर सिंह, अभय राजनगांवकर, कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे
