कटनी: जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुड्डी महानदी पुल के पास संगम घाट पर शुक्रवार शाम एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहाँ अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 15 वर्षीय किशोर गहरे पानी में समा गया। घटना के बाद से ही क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची और बालक की तलाश के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
नहाते समय गहरे पानी में गया अनुपम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कटनी के बरही थाना अंतर्गत ग्राम सिमरिया सानी निवासी अनुपम गुप्ता (15 वर्ष), पिता शिवप्रकाश गुप्ता, शुक्रवार शाम करीब 4:00 बजे अपने दोस्तों के साथ महानदी के संगम घाट पर नहाने गया था। नहाने के दौरान अनुपम अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। साथ आए दोस्तों ने उसे आँखों से ओझल होते देख शोर मचाया और तत्काल परिजनों व ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
रात भर चला तलाशी अभियान
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। शुरुआत में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन पानी गहरा होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली। बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल NDRF की टीम को बुलाया गया। NDRF की टीम शुक्रवार रात करीब 11:00 बजे मौके पर पहुँची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी के भीतर और बहाव की दिशा में बालक की सघन तलाश शुरू की।
पुलिस और प्रशासन मुस्तैद
थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि बालक के महानदी में डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई थी। रात के अंधेरे के बावजूद सर्च लाइट की मदद से तलाशी अभियान जारी रखा गया। फिलहाल नदी के इर्द-गिर्द और बहाव वाले क्षेत्रों में बालक का पता लगाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
समाचार लिखे जाने तक रेस्क्यू टीम लगातार प्रयासरत है, लेकिन अभी तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना से सिमरिया सानी गांव में मातम का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
