जबलपुर: नगर निगम द्वारा शहर के हर कोने में बनाए गए जनसुविधा केंद्र आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से शुरू किए गए थे, लेकिन कई स्थानों पर इनकी स्थिति अब भी ठीक नहीं है। शुक्रवार को नवभारत द्वारा नेपियर टाउन, सिविक सेंटर एवं सदर बाजार स्थित जनसुविधा केंद्रों की पड़ताल की गई, जहां व्यवस्थाओं को लेकर लोगों ने अपनी बात रखी। जहाँ नेपियर टाउन स्थित जनसुविधा केंद्र को लेकर स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यह करीब 8-9 वर्ष पुराना है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ साल पहले तक यहां हालात बेहद खराब थे। नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी की समस्या बनी रहती थी। वर्तमान में स्थिति में कुछ सुधार जरूर हुआ है, लेकिन रखरखाव अब भी पूरी तरह नहीं माना जा सकता।
बेहतर थी सफाई
सदर बाजार स्थित जनसुविधा केंद्र में सफाई व्यवस्था बेहतर मिली। कर्मचारियों के अनुसार यहां दिन में दो बार सफाई कराई जाती है, जिससे परिसर साफ नजर आया। महिलाओं एवं दिव्यांग महिलाओं के लिए सुविधा उपलब्ध कराई गई है, लेकिन पुरुष दिव्यांगों के लिए अलग व्यवस्था न होना एक कमी के रूप में सामने आया। नागरिकों ने कहा है कि शहर के सभी जनसुविधा केंद्रों का समय-समय पर देख-रेख की जाए और जहां कमी है, वहां सुधार कार्य कराए जाएं, ताकि आम लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और समान सुविधाएं मिल सकें।
