न्याय के लिए भटकती महिला ने एसपी ऑफिस में खाया जहर

जबलपुर। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अधारताल थाना अंतर्गत धनी कुटिया निवासी एक महिला अपनी मासूम बच्ची को गोद में लेकर पहुंची और जहरीली गोलियां खाकर जान देने की कोशिश की। इस घटना के बाद एसपी ऑफिस परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

पीड़ित महिला अंजू पांडे धनी कुटिया अधारताल की निवासी है, आरोप है कि वह लंबे समय से मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रही है। उसके मोहल्ले के ही कुछ लोग उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। उसने न्याय के लिए कई बार अधारताल थाने के चक्कर काटे, लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसकी पीड़ा को गंभीरता से नहीं लिया। थक-हारकर और व्यवस्था से निराश होकर वह अपनी फरियाद लेकर एसपी ऑफिस पहुंची थी, जहाँ उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। जैसे ही महिला ने गोलियां निगलीं, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस कर्मियों ने महिला को संभाला और तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। मामले की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी पूर्व चौरसिया ने बताया कि महिला द्वारा जहर खाने की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची है। फिलहाल महिला का उपचार चल रहा है और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Next Post

जरुवाखेड़ा पेट्रोल पंप के पास दो सड़क दुर्घटनाएं, 6 घायल

Fri May 8 , 2026
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र अंतर्गत जरुवाखेड़ा पेट्रोल पंप के पास अलग-अलग हुई दो सड़क दुर्घटनाओं में कुल 6 लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मानकचौक निवासी अश्विन सिंह यादव, कृष्णकांत यादव, कुंदन […]

You May Like