सिवनी: जिले के साजपानी गांव में एक पिकअप वाहन ने रिवर्स होते समय बारातियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। घटना गुरुवार रात करीब 12 बजे की है।धनोरा थाना पुलिस के मुताबिक, पिंडरई गांव से साजपानी गांव में बारात आई थी। कुछ लोग शादी के मंडप जाने के लिए सड़क पर खड़े थे, तभी पिकअप वाहन रिवर्स हो रहा था। ड्राइवर ने पीछे खड़े लोगों की ओर ध्यान नहीं दिया।
उसने महिपाल कुंजाम, सुरेश सिंह भलावी (56), अनार सिंह (46) और निरपाल कुंजाम (40) को कुचल दिया। हादसे में महिपाल की मौत हो गई। तीन घायलों को गंभीर हालत में जबलपुर के मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे के बाद ड्राइवर वाहन छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने वाहन में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाई और चालक के खिलाफ केस दर्ज किया। थाना प्रभारी मनीष बंसोड़ के अनुसार, मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस दुर्घटना करने वाले चालक की तलाश कर रही है।
