
इटारसी। कृषि उपज मंडी में भीषण गर्मी के बीच किसानों और मजदूरों की सुविधा के लिए स्थानीय व्यापारी संगठनों ने एक सराहनीय पहल की है। दी ग्रेन मर्चेन्ट एवं न्यू ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में मंडी परिसर में शीतल पेयजल हेतु एक आधुनिक वॉटर कूलर स्थापित किया गया है। शुक्रवार को आयोजित एक गरिमामय समारोह में वरिष्ठ व्यापारियों और मंडी प्रशासन की उपस्थिति में इस सुविधा का विधिवत लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया गया।
आधुनिक तकनीक और पूजन
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित नरेंद्र शास्त्री के मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात वरिष्ठ व्यापारी सुरेश ओसवाल, एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल कक्का, नवीन शर्मा और मंडी सचिव प्रशांत पाण्डेय ने संयुक्त रूप से लाल फीता काटकर वॉटर कूलर का उद्घाटन किया। उल्लेखनीय है कि यह ब्लू स्टार कंपनी का उच्च क्षमता वाला वॉटर कूलर है, जो प्रति घंटे 300 लीटर पानी ठंडा करने की क्षमता रखता है। इससे मंडी आने वाले सैकड़ों किसानों और हम्माल-तुलावटियों को अब तपती धूप में शुद्ध और ठंडा पानी सुलभ हो सकेगा।
मिठास के साथ सेवा का संगम
लोकार्पण समारोह के अवसर पर व्यापारी संस्था द्वारा सेवा भाव का परिचय देते हुए वहां मौजूद समस्त कृषकों, व्यापारियों, हम्माल-तुलावटियों और मंडी कर्मचारियों को आइसक्रीम का वितरण भी किया गया। आयोजन के दौरान मंडी सचिव प्रशांत पांडे, रमेश चांडक, अनिल राठी, हिमांशु बाबू अग्रवाल और बड़ी संख्या में व्यापारिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। उपस्थित जनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मंडी परिसर की एक आवश्यक और जनहितकारी सुविधा बताया।
