मुंबई, 08 मई (वार्ता) महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (एमएसबीएसएचएसई) ने शुक्रवार को एसएससी कक्षा 10वीं के परिणाम 2026 घोषित कर दिये हैं।
घोषित परिणामों में कुल उत्तीर्ण छात्रों का प्रतिशत 92.09 है।
बोर्ड के अधिकारियों ने संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर परिणाम जारी किये। छात्रों के लिए एक बजे के बाद आधिकारिक वेबसाइटों पर ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया गया है। वहां से वे अपने लॉगिन क्रेडेंशियल का उपयोग कर परिणाम डाउनलोड कर सकते हैं।
इस साल राज्य भर में 179 छात्रों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किये हैं। इनमें मुंबई के पांच, पुणे के 12, नागपुर के तीन, छत्रपति संभाजीनगर के 24, कोल्हापुर के 15, अमरावती के तीन, नासिक के छह और लातूर के सात छात्र शामिल हैं। ग्रेटर मुंबई में 27,650 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 27,275 परीक्षा में शामिल हुए और 25,421 छात्र उत्तीर्ण हुए। यहां का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 93.20 रहा। इसमें लड़कों का प्रतिशत 91.35 और लड़कियों का 95.19 प्रतिशत है। मुंबई उपनगर (सबरबन) में 54,452 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 54,037 परीक्षा में बैठे और 50,968 छात्र पास हुए। यहां का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 94.32 रहा, जिसमें लड़कों का प्रतिशत 92.92 और लड़कियों का 95.80 प्रतिशत है।
मुंबई उपनगरीय क्षेत्र में 2,45,294 छात्र पंजीकृत थे, 44,741 छात्र परीक्षा में शामिल हुए और 41,054 उत्तीर्ण हुए। यहां का कुल पास प्रतिशत 91.75 रहा (लड़के 89.41% और लड़कियाँ 94.32%)। पूरे मुंबई क्षेत्र की बात करें तो कुल 3,22,077 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं और कुल पास प्रतिशत 92.84 दर्ज किया गया, जिसमें 90.93 प्रतिशत लड़के और 94.94 प्रतिशत लड़कियां सफल रहीं।
अधिकारियों ने कहा कि डाउनलोड किया गया परिणाम एक प्रोविजनल दस्तावेज होगा तथा बोर्ड जल्द ही निर्णायक मार्कशीट साझा करेगा। छात्र इसे अपने संबंधित स्कूलों से प्राप्त कर सकेंगे।
