बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर पलटा कपास की खली से भरा ट्राला, आग लगने से इंजन खाक; चालक सुरक्षित

बैतूल। बैतूल-भोपाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेठा घाट के पास गुरुवार दोपहर एक ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें आग लग गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि ट्राले का इंजन हिस्सा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

पुलिस के अनुसार ट्राला महाराष्ट्र से राजस्थान की ओर जा रहा था और उसमें कपास की खली भरी हुई थी। बरेठा घाट की चढ़ाई चढ़ते समय अचानक वाहन पीछे की ओर खिसकने लगा, जिससे चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और ट्राला सड़क किनारे पलट गया।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि पलटने के दौरान फ्यूल पाइप फटने से आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने इंजन हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और ट्राले के टायर भी जल गए। हादसे के समय ट्राले में चालक शिवनाथ, निवासी नागौर (राजस्थान), अकेला मौजूद था। वह समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई।

सूचना मिलते ही शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं नगर परिषद की दमकल टीम ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन ने घाट क्षेत्रों में वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Next Post

घुवारा में 900 साल पुराना अबार माता मंदिर, चमत्कारी चट्टान से जुड़ी आस्था

Thu Mar 26 , 2026
छतरपुर। सागर सीमा पर स्थित घुवारा का अबार माता मंदिर करीब 900 वर्ष पुराना है और अपनी अनोखी आस्था व मान्यताओं के कारण क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। बुधवार शाम मिली जानकारी के अनुसार, यह मंदिर न केवल धार्मिक बल्कि रहस्यमयी मान्यताओं के चलते भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का […]

You May Like