इंदौर: द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दो बदमाशों ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया और करीब आधा दर्जन कारों के कांच फोड़ दिए. वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.घटना में सत्यदेव नगर, नार्थ मोहल्ला और सूर्यदेव नगर में देर रात खड़ी कारों को निशाना बनाया.
सीसीटीवी फुटेज में दो युवक कंबल ओढ़कर आते दिख रहे हैं, जो अचानक कारों पर पत्थर फेंककर कांच तोड़ते नजर आए. भागते समय उन्होंने रास्ते में खड़ी अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचाया. रात करीब 2 बजे सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान बाबूनाथ और आरसी चौहान के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी क्षेत्र में खुद को दबंग बताकर लोगों में भय फैलाते हैं और झपटमारी जैसी वारदातों में भी शामिल रहे हैं. दोनों के नशे के आदी होने की बात सामने आई है. फिलहाल पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और जल्द पकड़ने का दावा किया जा रहा है.
