इंदौर:तुकोगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो युवकों को टक्कर मार दी. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि एमजी रोड पर कार ने पीछे से एक्टिवा को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक करीब 30 फीट दूर जाकर फुटपाथ पर जा गिरे. हादसे में खजराना में रहने वाले 23 वर्षीय अनस अब्बासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 32 वर्षीय जुबेर के दोनों पैरों में फ्रैक्चर आया है.
उसे अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस ने मौके से आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया और कार जब्त कर ली. जांच में सामने आया कि कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी. बताया जा रहा है कि अनस अपने माता पिता का इकलौता बेटा था और फोटोग्राफी का काम करता था. वहीं घायल जुबेर कार डेकोरेशन का काम करता है और उसकी करीब 20 दिन बाद शादी होना तय थी. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
