नए जीवन की शुरुआत संस्कार, जिम्मेदारी और आपसी विश्वास के साथ करें: डॉ.राजेश मिश्रा

सीधी। जिले के कुसमी जनपद अंतर्गत अष्टभुजी देवी मंदिर गोतरा परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में 127 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक बंधन में बंधे। पूरे आयोजन में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक परम्परा और जनभागीदारी का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम सांसद डॉ.राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य एवं धौंहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू रामजी सिंह, जनपद अध्यक्ष श्यामवती सिंह, जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह एवं जनपद उपाध्यक्ष भूपाल सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां अष्टभुजी एवं भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। आचार्यों द्वारा वैदिक विधि-विधान के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराए गए। सभी नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से 49-49 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि सांसद डॉ.मिश्रा ने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केवल एक शासकीय योजना नहीं बल्कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए संवेदनशील सहयोग का माध्यम है। सांसद डॉ.मिश्रा ने कहा कि विवाह भारतीय संस्कृति का सबसे पवित्र संस्कार है जो केवल दो व्यक्तियों को ही नहीं बल्कि दो परिवारों को भी जोड़ता है। उन्होंने नवदंपत्तियों से आग्रह किया कि वे अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत प्रेम, विश्वास, आपसी समझ और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि परिवार तभी मजबूत बनता है जब उसमें सम्मान, धैर्य और सहयोग की भावना हो। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने हजारों गरीब परिवारों की चिंता कम की है और बेटियों के विवाह को सम्मानजनक स्वरूप प्रदान किया है। सांसद डॉ.मिश्रा ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की तथा टिकौना स्वरूप 11 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे अपने वैवाहिक जीवन को प्रेम, सहयोग और पारिवारिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ाएं तथा समाज के लिए आदर्श बनें। समारोह के दौरान ऑपरेशन सिंदूर के एक वर्ष पूर्ण होने पर सांसद डॉ.राजेश मिश्रा एवं विधायक कुंवर सिंह टेकाम द्वारा सेवानिवृत्त सैनिकों का सम्मान भी किया गया।

कन्या विवाह योजना गरीबों के लिये अत्यंत उपयोगी: टेकाम

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी और राहत प्रदान करने वाली योजना सिद्ध हुई है। उन्होंने कहा कि पहले बेटियों के विवाह को लेकर परिवारों में आर्थिक चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब सरकार स्वयं बेटियों के सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए आगे आ रही है। यह योजना सामाजिक समरसता और समानता का भी संदेश देती है, जहां सभी वर्गों के लोग एक साथ मिलकर बेटियों को आशीर्वाद देते हैं। विधायक श्री टेकाम ने कहा कि विवाह केवल उत्सव नहीं बल्कि जीवन की नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। विधायक श्री टेकाम ने भी टिकौना स्वरूप 11 हजार रुपए देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा, एसडीएम कुसमी शैलेश द्विवेदी, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेन्द्र मिश्रा, बीआरसीसी अंगिरा द्विवेदी, सरपंच संघ ब्लॉक अध्यक्ष मकरंद सिंह उइके, जनपद सदस्य जमुनी देवी, गणमान्य जन अखंड प्रताप सिंह, राजकुमार तिवारी, रमेश पनाडिया, एसडीओ बी.पी.कोरी, उपयंत्री प्रदीप द्विवेदी, अमर सिंह, राकेश सिंह, लेखाधिकारी पंकज मिश्रा, अखिलेश पाण्डेय, रामसुख यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नवविवाहित जोड़ों के परिजन उपस्थित रहे।

Next Post

प्रतिभाओं का मंच बना गणेश स्कूल का समर कैंप, टैलेंट हंट में बच्चों ने बिखेरे हुनर के रंग

Thu May 7 , 2026
सीधी। स्थानीय एसजीएसएस स्कूल (गणेश स्कूल) में आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप लगातार विद्यार्थियों के लिए सीखने और अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच साबित हो रहा है। समर कैंप के अंतर्गत गुरुवार को विद्यालय परिसर में भव्य टैलेंट हंट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग […]

You May Like