
परासिया। शिवपुरी–झुर्र मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मुकेश काले की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मुकेश काले अपने व्यवसाय के सिलसिले में कार से परासिया से झुर्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेहरिया खदान से कोयला भरकर आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी कार के ऊपर पलट गया।
हादसा डालमिया कंपनी के समीप हरनभटा घाटी में हुआ, जहां लंबी ढलान होने के कारण ट्रक संतुलन खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक क्रमांक MH 40 CD 4001 अचानक कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार पूरी तरह कोयले में दब गई। कार में सवार मुकेश काले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठे एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोयले में दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी क्षेत्र में कई ट्रक चालक डीजल बचाने के लिए वाहन को न्यूट्रल या “रोल” में चलाते हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
परिजनों के रुदन से गूंजा अस्पताल
मुकेश काले की मौत की खबर फैलते ही चांदामेटा और परासिया क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। शव के अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी और पुत्र ऑस्ट्रेलिया में हैं, जबकि छोटा पुत्र भोपाल में पढ़ाई कर रहा है। माना जा रहा है कि परिवार के विदेश से लौटने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुकेश काले सामाजिक गतिविधियों से भी जुड़े हुए थे और लंबे समय से रोटरी क्लब के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
