नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल का औसत भाव बढ़ गया। चावल के साथ गेहूं में भी तेजी देखी गयी। चीनी का भाव पिछले कारोबारी दिवस पर ही स्थिर रहा। दालों और खाद्य तेलों में घट-बढ़ रही। औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 10 रुपये बढ़कर 3,870 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 17 रुपये महंगा हुआ और 2,791 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत भी छह रुपये बढ़ गयी।
दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव रहा। तुअर दाल की औसत कीमत 45 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल 13 रुपये और उड़द दाल 10 रुपये महंगी हुई। वहीं, मसूर दाल की कीमत 30 रुपये और मूंग दाल की आठ रुपये प्रति क्विंटल उतर गयी। मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का जुलाई वायदा 133 रिंगिट गिरकर 4,577 रिंगिट प्रति टन रह गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 2.57 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74.93 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सूरजमुखी तेल की औसत कीमत 44 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। सोया तेल 30 रुपये और पाम ऑयल 25 रुपये सस्ता हुआ। मूंगफली तेल की कीमत 101 रुपये और सरसों तेल की 63 रुपये बढ़ गयी। वनस्पति भी 28 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 20 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। चीनी पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर पड़ी रही।

