नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) रिलायंस फाउंडेशन और गेट्स फाउंडेशन ने महिलाओं की डिजिटल भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ‘शीकनेक्ट्स डिजिटल एक्सेलेरेटर’ अभियान शुरू करने की बुधवार को घोषणा की। रिलायंस फाउंडेशन ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि 200 करोड़ रुपये की इस पहल का उद्देश्य भारत और सब-सहारा अफ्रीका में महिलाओं और लड़कियों तक डिजिटल तकनीक की पहुंच और उसके उपयोग को बढ़ावा देना है। अगले तीन साल में यह कार्यक्रम ऐसे स्थानीय और प्रभावी डिजिटल समाधानों की पहचान करने और उन्हें बड़े स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम करेगा, जो महिलाओं की जिंदगी और आजीविका को बेहतर बनाने में मदद कर सकें।
रिलायंस फाउंडेशन भारत में इस कार्यक्रम के तहत ऐसे डिजिटल समाधानों को आगे बढ़ायेगा, जो पहले से असरदार साबित हुये हैं। वहीं गेट्स फाउंडेशन के साथ मिलकर भारत और सब-सहारा अफ्रीका के बीच अनुभव और सीख साझा करने पर भी जोर दिया जायेगा। रिलायंस फाउंडेशन में महिला सशक्तिकरण की प्रमुख एन. दीप्ति रेड्डी ने कहा कि महिलाओं को डिजिटल दुनिया में पूरी भागीदारी के लिए जरूरी साधन और आत्मविश्वास देना बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है। यह पहल महिलाओं की डिजिटल पहुंच बढ़ाने और उन्हें ज्यादा सक्षम बनाने की दिशा में काम करेगी।
गेट्स फाउंडेशन में लैंगिक समानता की उपनिदेशक साची भल्ला ने कहा कि ग्लोबल साउथ के कई देशों में महिलाएं अब भी डिजिटल तकनीक तक पहुंच में कई चुनौतियों का सामना कर रही हैं। यह पहल स्थानीय जरूरतों के मुताबिक तैयार समाधानों को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान करेगी। रिलायंस फाउंडेशन के अनुसार, पिछले तीन साल में उसने देश में छह लाख से अधिक महिलाओं तक डिजिटल तकनीक से जुड़ी पहलें पहुंचाई हैं। यह पहल 2030 तक डिजिटल लैंगिक असमानता को आधा करने के वैश्विक लक्ष्य की दिशा में भी योगदान देने का प्रयास करेगी।

