छैगांव माखन में गैस सिलेंडर ब्लास्ट, पिकअप पर बनी अंडे की दुकान में लगी आग

छैगांव माखन। क्षेत्र के श्रीराम चौक पर सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पिकअप वाहन पर संचालित अंडे की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया, जिससे दुकान के खरपच्चे और टीन के टुकड़े दूर तक जा गिरे। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार शाम करीब 6 बजे दुकान संचालक महेन्द्र परमार अपनी दुकान पर काम कर रहे थे। इसी दौरान गैस पाइप से लीकेज होने के कारण अचानक दुकान में आग लग गई। आग लगते ही महेन्द्र परमार तत्काल दुकान से बाहर निकल आए। कुछ ही क्षण बाद गैस सिलेंडर में तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया।धमाका इतना तेज था कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के बाद दुकान में लगे एंगल और टीन के टुकड़े करीब 10 फीट दूर जाकर गिरे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय वहां से कोई राहगीर गुजर रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा।

Next Post

रतनगढ़ पुलिस की कार्रवाई, 141 किलो डोडाचूरा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Mon May 11 , 2026
नीमच। जिले के रतनगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 141 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। साथ ही एक क्रेटा कार भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई ग्राम मुवादा के कच्चे […]

You May Like