
सिंगरौली। कृषि उपज मंडी समिति सिंगरौली के सचिव ने जानकारी दी कि कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशों और उपखंड अधिकारी (भारसाधक अधिकारी) सुरेश जाधव के मार्गदर्शन में मंडी प्रशासन ने अवैध कारोबारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। इसी क्रम में 28 अप्रैल को मंडी सचिव आईपी सिंह ने मंडी क्षेत्र के अंतर्गत विंध्यनगर रोड स्थित मेसर्स प्रिंस ऑयल मिल एवं आटा चक्की के दुकान और गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद तत्काल प्रकरण तैयार कर जिला एवं सत्र न्यायालय सिंगरौली को प्रथम सूचना भेजी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित व्यापारी ने अदालती कार्रवाई से बचने और बकाया कर जमा करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। इस आवेदन को स्वीकार करते हुए उपखंड अधिकारी ने मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19(4) के तहत 30,167 रुपये मंडी टैक्स जमा कराने के आदेश जारी हुए हैं।
