
सिवनी। सिवनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है, जिसमें परिजनों ने परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार रानी दुर्गावती वार्ड के शुभम नगर क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत युवती का शव उसके सहकर्मी के किराए के कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना 4 मई की शाम की बताई जा रही है। उस समय युवती कमरे में अकेली थी, जबकि सहकर्मी कार्यालय गया हुआ था। उसके लौटने पर घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों का कहना है कि कमरे का दरवाजा पहले ही तोड़ा जा चुका था और पूरा घटनाक्रम संदिग्ध प्रतीत होता है। उन्होंने युवक और युवती के मोबाइल कॉल डिटेल तथा सोशल मीडिया खातों की जांच की मांग की है। कोतवाली नगर निरीक्षक सतीश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण फांसी लगाना सामने आया है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
