नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को कहा कि भारतीय कंपनियों ने उनके देश में 20.5 अरब डॉलर से अधिक की योजना बनायी है जिससे अमेरिका में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे। श्री गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में जो निवेश किया उसका फल मिल रहा है। भारतीय कंपनियों की टेक, विनिर्माण और फार्मास्युटिकल समेत विभिन्न क्षेत्रों में 20.5 अरब डॉलर से अधिक के निवेश की योजना है। इसमें 12 भारतीय कंपनियों द्वारा आज (मंगलवार को) घोषित 1.1 अरब डॉलर के निवेश की योजना भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि सेलेक्ट यूएसए इनवेस्टमेंट समिट में 12 भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में कुल 1.1 अरब डॉलर के निवेश की घोषणा की है। अमेरिका राजदूत ने लिखा कि इन सहयोगों से अमेरिका में वास्तव में रोजगार पैदा हो रहे हैं और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला तैयार हो रही है। यह इस बात का प्रमाण है कि जब दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश मिलकर कारोबार करते हैं तो दोनों का फायदा होता है।

