ग्वालियर: बंगाल विजय पर भाजपा कार्यकर्ताओ ने उत्साहपूर्ण माहौल में मिठाइयों के साथ-साथ पारंपरिक बंगाली व्यंजन झालमुड़ी वितरित कर जीत की खुशी साझा की। एम्पायर रिसॉर्ट में सीएम मोहन यादव की उपस्थिति में एवं मुखर्जी भवन पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और “भारत माता की जय” एवं “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गूंज उठा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने परिवर्तन का मार्ग चुनते हुए विकास, सुशासन और सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने हर्ष व्यक्त करते हुए पार्टी नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक विजय नहीं, बल्कि देश की जनता के विश्वास, विकास की आकांक्षा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी नीतियों की जीत है।
भाजपा नेताओं ने आम नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं के साथ इस ऐतिहासिक विजय का उत्सव मनाया। जिला महामंत्री जवाहर प्रजापति ने कहा कि यह जनादेश स्पष्ट करता है कि देश की जनता अब तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की राजनीति से ऊपर उठकर पारदर्शिता और प्रगति की राह पर आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और पार्टी की राष्ट्रवादी विचारधारा के प्रति जनता के विश्वास का परिणाम है।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं, गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के प्रयास देश के हर कोने में प्रभावी रूप से पहुंच रहे हैं, जिसका प्रतिबिंब इस चुनाव परिणाम में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला है।
