
शुजालपुर। आष्टा-शुजालपुर नेशनल हाईवे एनएच 752 सी पर सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है. बाइक पर सवार बदमाशों ने फि ल्मी स्टाइल में चलती ट्रक को निशाना बनाते हुए कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम दे दिया. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी बाइक से ट्रक का पीछा कर उस पर चढ़ते दिखाई दे रहे है और लूट को अंजाम दिया.
जानकारी के अनुसार यह वारदात दोपहर करीब 12.30 बजे तिलावद और मैना के बीच हुई. दो बिना नंबर की बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश तेज रफ्तार ट्रक के पीछे लगे. इसी दौरान एक बदमाश चलती बाइक से ट्रक के पिछले हिस्से पर चढ़ गया और रस्सी काटकर तिरपाल हटा दी. महज दो मिनट के भीतर आरोपियों ने ट्रक में रखे दो बड़े बॉक्स नीचे फैंक दिए और खुद भी कूद कर फ रार हो गए. इस वारदात को ट्रक के पीछे चल रही एक कार में सवार व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद किया. जिन बदमाशों ने यह वारदात की उन्होंने ट्रक के पीछे चल रहे वाहन व अन्य राहगिरों को हथियार लहराकर डराते हुए दूर रहने का इशारा किया.
हथियारों से लैस थे बदमाश…
वीडियो बनाने वाले शुजालपुर निवासी छोटू सोलंकी के मुताबिक बदमाश हथियारों से लैस थे और लूट के बाद सामान लेकर भाग निकले. ट्रक चालक को जब तक घटना का अहसास हुआ और उसने वाहन रोका तब तक आरोपी मौके से फ रार हो चुके थे. इस संबंध में तिलावद पुलिस चौकी प्रभारी घनश्याम बैरागी से चर्चा की, तो उन्होंने इस तरह की कोई वारदात होने की जानकारी से इंकार किया और बताया कि तिलावद पुलिस चौकी अथवा मैना चौकी पर इस तरह की कोई सूचना एवं शिकायत नहीं मिली है. हालांकि सोशल मीडिया पर वीडियो आने की जानकारी जरूर है.
