
भोपाल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री गौतम टेटवाल ने प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें रखीं, जिन पर उपमुख्यमंत्री और मंत्री ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को प्राथमिकता के साथ निराकरण के लिए भेजा गया।
इस अवसर पर नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं और अनुभवों को भी जाना तथा भरोसा दिलाया कि सभी मुद्दों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के प्रति प्रतिबद्ध है और हर नागरिक की समस्या का समाधान करना प्राथमिकता है।
