सतना : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा रविवार को देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी (NEET-UG) का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। शहर में इस परीक्षा के लिए बनाए गए 7 केंद्रों में कुल 2827 परीक्षार्थियों को इंरोल्ड किया गया था , इनमे से मात्र 87 छात्र अनुपस्थित रहे. भविष्य के डॉक्टर बनने का सपना लिए छात्र-छात्राएं दोपहर से ही केंद्रों पर जुटने लगे.परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखे गए। अभ्यर्थियों को तीन स्तरीय जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ा सबसे पहले पुलिस बल द्वारा मेटल डिटेक्टर से गहन तलाशी ली गई।
इसके बाद टीम ने प्रत्येक छात्र का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया। वहीं गड़बड़ी रोकने के लिए सभी 7 केंद्रों जिसमे राजकीय कन्या महाविद्यालय ,शासकीय एक्सीलेंस स्कूल व्यंकट-1 ,पीएमश्री एक्सीलेंस महाविद्यालय गहरा नाला ,शासकीय व्यंकट क्रमांक-2 ,शासकीय एमएलवी स्कूल , केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 सहित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 में सीसीटीवी कैमरे और जैमर्स लगाए गए थे, ताकि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या ब्लूटूथ डिवाइस काम न कर सके।
कलेक्टर द्वारा परीक्षा के सफल संचालन हेतु प्रशासनिक अधिकारी के रूप में सुभाष मिश्रा को कमान सौंपी गई थी। साथ ही, कानून व्यवस्था और निरीक्षण के लिए केंद्रों पर कार्यपालिक दंडाधिकारी भी नियुक्त किए गए थे।सिटी को-ऑर्डिनेटर सूर्यकांत पाठक ने बताया कि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई। हालांकि, दिव्यांग विद्यार्थियों को नियमानुसार एक घंटे का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया।परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों के चेहरे पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दिखी। कुछ ने जीव विज्ञान के पेपर को आसान बताया, तो कुछ के लिए भौतिकी के सवाल चुनौतीपूर्ण रहे।
