
इटारसी। केसला ब्लॉक स्थित जामुनढोल गांव में रविवार को लोगों को धर्मेंद्र-अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म शोले का सीन देखने को मिला। गांव का एक युवक एक युवती के प्रेम के चक्कर में वीरू बनकर 125 केवी हाईटेंशन लाइन के 120 फीट ऊंचे टॉवर चढ़ गया। युवक ने वीरू बनने का यह फैसला सिर्फ इसलिए किया क्योंकि उसकी प्रेमिका ने उसके मोबाइल नंबर को ब्लॉक कर दिया था और उससे बात करने से मना कर दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही केसला पुलिस, एनटीपीसी और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उसे समझाइश देकर नीचे उतरने को कहा मगर वह प्रेमिका से बात होने तक नहीं माना। करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब युवक की उसकी प्रेमिका से बात कराई गई तब उसके सिर से जान देने की सनक उतरी। संयुक्त टीम ने युवक को बाद में सुरक्षित नीचे उतार लिया। टावर पर चढऩे वाले युवक की पहचान कमल धुर्वे (पिता संतोष धुर्वे) के रूप में हुई है।
इसलिए किया नंबर ब्लॉक
जामुनडोल निवासी युवक और युवती प्रेम करते हैं। प्रेमिका का कहना था कि युवक उसके घर आकर माता पिता से बातचीत करे मगर युवक बिना माता पिता की सहमति के ही शादी करना चाहता है। इस बात को लेकर उनके बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। जिससे नाराज होकर युवती ने उसका मोबाइल नम्बर ब्लॉक कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर युवक हाइटेंशन लाइन के 120 फीट ऊंचे टॉवर पर आत्महत्या करने के लिए चढ़ गया था।
लाइन में बिजली सप्लाई चालू थी
जामुनडोल में हुए इस घटनाक्रम के बीच युवक की जान किस्मत से बच गई। युवक जिस टॉवर पर चढ़ा था उसकी बिजली सप्लाई चालू थी। युवक अगर असावधानी के चलते बिजली लाइन के संपर्क में आ जाता था तो बड़ी दुर्घटना हो जाती। प्लाटून कमांडेंट अमृता दीक्षित ने बताया बिजली लाइन में सप्लाई चालू थी। 125 केवी लाइन होने से चढऩे में काफी जोखिम थी। प्रेमिका को बुलाकर युवक से मोबाइल पर बातचीत कराई। उससे कहा कि नीचे उतर जाओ, फिर बात करेंगे। तब वो नीचे उतरा।
इनका कहना है
प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। युवक युवती से शादी करना चाहता है, युवती का कहना था उसके माता पिता घर आकर परिजन से रिश्ते की बातचीत करें। युवक जबरन शादी के लिए दबाव बना रहा था, इसलिए युवती ने मोबाइल नम्बर उसका ब्लॉक कर दिया था।
