उज्जैन: मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह नगर उज्जैन में सिंहस्थ-2028 और महाकुंभ की तैयारियों को गति देते हुए प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. शनिवार को महाकाल मार्ग स्थित बेगमबाग क्षेत्र में उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 मकानों को ध्वस्त कर दिया.यूडीए सीईओ संदीप सोनी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान कलेक्टर रोशन सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा की टीम भी मौजूद रही. संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई.
लीज शर्तों का उल्लंघन
जिन मकानों को हटाया गया, वे लीज शर्तों के उल्लंघन में बनाए गए थे. आवासीय भूखंडों को अवैध रूप से विभाजित कर बहुमंजिला निर्माण और होटल तक खड़े कर दिए गए थे. यूडीए ने पहले ही इनकी लीज निरस्त कर दी थी और स्टे हटने के बाद कार्रवाई की गई.
कुंभ के विकास कार्य तेज
प्रशासन के अनुसार सिंहस्थ-2028 में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के उज्जैन आने का अनुमान है. इसी को देखते हुए शहर में आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जा रहा है. हरि फाटक क्षेत्र में सिक्स लेन ब्रिज और सिक्स लेन सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए अवरोध हटाए जा रहे हैं.
मुख्य मार्ग बंद
कार्रवाई के दौरान हरि फाटक ब्रिज और महाकाल मंदिर जाने वाला मुख्य मार्ग अस्थायी रूप से बंद किया गया. श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया, जिससे व्यवस्था बनी रही.
नोटिस और मुनादी के बाद कार्रवाई
प्राधिकरण ने पहले संबंधित मकान मालिकों को नोटिस जारी किए थे और मुनादी कर भवन खाली करने के निर्देश दिए गए थे. इसके बाद नगर निगम के बुलडोजर, जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मकानों को गिराकर मलबा हटाया गया, ताकि निर्माण कार्य में बाधा न आए.
अब तक 63 अवैध निर्माण हटाए
बेगमबाग और आसपास के क्षेत्रों में यह कार्रवाई लगातार जारी है. अब तक 63 से अधिक मकान, गेस्ट हाउस और अवैध निर्माणों को हटाया जा चुका है. महाकाल मार्ग, नीलकंठ द्वार और हरि फाटक ब्रिज के आसपास का पूरा क्षेत्र चौड़ीकरण और नए निर्माण के दायरे में है.
विकास और व्यवस्था के लिए सख्ती जरूरी
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई शहर के दीर्घकालिक विकास, सुगम यातायात और सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन के लिए आवश्यक है. स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क चौड़ीकरण और नए ब्रिज के निर्माण से जाम की समस्या कम होगी और महाकाल क्षेत्र में आवागमन पहले से बेहतर होगा.
