
भोपाल। शनिवार को सांसद आलोक शर्मा ने व्यापारियों के हितों को लेकर पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम की पूर्व घोषणा का उल्लेख करते हुए शहर के सभी बाजारों के लिए एक समान बंद होने का समय तय करने की आवश्यकता जताई. सांसद ने कहा कि अलग-अलग समय पर बाजार बंद होने से व्यवस्था प्रभावित होती है, इसलिए एकरूपता जरूरी है.
उन्होंने बताया कि पहले भी कलेक्टर और पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सभी बाजारों को एक साथ बंद कराने की पहल की गई थी, लेकिन सख्ती के अभाव में खासकर पुराने भोपाल के बाजार तय समय पर बंद नहीं हो पाते. इसके चलते कुछ स्थानों पर रात में अव्यवस्था और अवांछित गतिविधियों की स्थिति बनती है.
सांसद ने पुराने शहर के काजीकैंप, इमामी गेट, इतवारा, बुधवारा, जहांगीराबाद समेत अन्य बाजारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए. साथ ही उन्होंने बिट्टन मार्केट, एमपी नगर, बैरागढ़ सहित सभी प्रमुख बाजारों को एक समय पर बंद करने से आम जनता को सुविधा मिलने की बात कही.
