सिंगरौली में तेन्दूपत्ता संग्रहण, 12 मई से तैयारियां जोरों पर

सिंगरौली : जिले में वन मण्डल जिला यूनियन सिंगरौली के तहत तेन्दूपत्ता संग्रहण का कार्य आगामी 12 मई से शुरू होगा, जहां 75 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत 910 संग्रहण केन्द्रों में तेन्दूपत्ता गड्डियों की खरीदी की जाएगी। जिसके लिए इस वर्ष 1,77,070.000 मानक बोरा तेन्दूपत्ता की खरीदी का लक्ष्य मिला है।इस संबंध में एसडीओ वन मण्डल एनके त्रिपाठी ने बताया कि वन मंडल जिला यूनियन सिंगरौली अंतर्गत तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संघ मुख्यालय भोपाल द्वारा सिंगरौली जिले के लिए इस वर्ष 1,77,070.000 मानक बोरा संग्रहण का विशाल लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिले की 75 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत लगभग 910 संग्रहण केन्द्र बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से अच्छी गुणवत्तायुक्त तेन्दूपत्ता का संग्रहण किया जाएगा। संग्रहण कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 29 अप्रैल को वन मंडल कार्यालय स्तर पर अधिकारी, कर्मचारी एवं ठेकेदारों की एक महत्वपूर्ण परिचर्चा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले में 12 मई से तेन्दूपत्ता संग्रहण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
400 रूपये प्रति सैकड़ा के दर से होगी खरीदी
उप वनमण्डला अधिकारी ने आगे बताया कि शासन द्वारा वर्ष 2026 के लिए तेन्दूपत्ता संग्रहण की दर 400 रुपये प्रति सैकड़ा निर्धारित की गई है। वन विभाग द्वारा इस बार पत्तों की गुणवत्ता पर विशेष फोकस किया जा रहा है, जिसके लिए समिति स्तर पर फ्लैक्स, बैनर और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। संग्राहकों को जागरूक किया जा रहा है कि 50 पत्तों की गड्डी पूरी तरह से बीड़ी बनाने योग्य होनी चाहिए तथा गड्डियों में माता दाग वाले एवं कटे-फटे पत्ते बिल्कुल नहीं होने चाहिए। वन मंडल सिंगरौली के अंतर्गत वर्तमान में लगभग 1,38,670 से अधिक कार्डधारी संग्राहक पंजीकृत हैं। इस संग्रहण कार्य से इन परिवारों के लगभग 2,82,979 से अधिक लोगों को सीधे तौर पर रोजगार और आर्थिक लाभ प्राप्त होगा। वन विभाग ने सभी संग्राहकों से अपील की है कि वे शासन की मंशानुसार मानक आकार और अच्छी गुणवत्ता के पत्तों का अधिक से अधिक संग्रहण कर योजना का लाभ उठाएं।

Next Post

सुप्रीम कोर्ट से टीएमसी को बड़ा झटका: मतगणना कर्मियों की नियुक्ति पर चुनाव आयोग का फैसला बरकरार, अदालत ने कहा- निर्वाचन आयोग को है अपने अधिकारी चुनने का पूर्ण अधिकार

Sat May 2 , 2026
नई दिल्ली | सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में वोटों की गिनती के लिए कर्मचारियों के चयन पर सवाल उठाने वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) की याचिका पर शनिवार को बड़ा फैसला सुनाया। जस्टिस पी एस नरसिम्हा और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की विशेष पीठ ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग (ECI) […]

You May Like