
भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो रेल परियोजना का काम अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. शहर में ब्लू और ऑरेंज लाइन पर निर्माण कार्य गति पकड़ चुका है. जहां-जहां अतिक्रमण बाधा बन रहा है, वहां प्रशासन की मदद से उसे हटाकर काम आगे बढ़ाया जा रहा है.
भदभदा से न्यू मार्केट के बीच मेट्रो पिलरों का निर्माण जमीन से ऊपर तक पूरा हो चुका है, वहीं कुछ स्थानों पर पिलर स्थापित भी कर दिए गए हैं. करोंद से कृषि उपज मंडी के बीच करीब 40 पिलर तैयार हो चुके हैं. दूसरी ओर रायसेन रोड पर सोनागिरी से जेके रोड तक खुदाई का कार्य पूरा कर लिया गया है और वहां पिलर खड़े करने का काम जारी है.
रायसेन रोड पर तेजी से बढ़ रहा काम
रत्नागिरी से जेके रोड तक पिलर निर्माण लगभग पूरा हो चुका है. जेके रोड से प्रभात चौराहे तक सड़क पर पिलरों की मार्किंग भी कर दी गई है और यहां जल्द ही खुदाई शुरू होने की संभावना है. इससे संकेत मिल रहे हैं कि शहर में मेट्रो परियोजना तय समय में पूरी हो सकती है.
फ्लाईओवर के ऊपर दौड़ेगी मेट्रो
रायसेन रोड पर केपिटल पेट्रोल पंप से प्रभात चौराहे तक लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 650 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण प्रस्तावित है. इस फ्लाईओवर के पिलरों के बीच मेट्रो के पिलर भी बनाए जाएंगे, जो फ्लाईओवर से करीब 6 मीटर अधिक ऊंचे होंगे. खास बात यह है कि पहले मेट्रो का स्लैब तैयार किया जाएगा, उसके बाद फ्लाईओवर का निर्माण होगा.
इस मार्ग पर फ्लाईओवर के ऊपर से मेट्रो चलाने की योजना है, जो भोपाल में इस तरह का पहला संयुक्त निर्माण होगा.
