
राजनगर। ग्राम धवार में रात को एक दर्दनाक हादसा हो गया। विवाह समारोह में शामिल होने आए एक 30 वर्षीय युवक की छत से गिरकर असामयिक मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी वाले घर में उत्सव का माहौल चीख-पुकार और सन्नाटे में बदल गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भोजन के बाद छत पर सोने गया था युवक
मृतक की पहचान जिरेन्द्र अहिरवार (30), निवासी ग्राम पिरपा (थाना गढ़ीमलहरा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जितेन्द्र अपने ससुराल धवार गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। रात करीब 8 बजे उन्होंने परिजनों के साथ भोजन किया। उस समय मौसम खराब था और बिजली गुल होने के कारण उमस और गर्मी से बचने के लिए वह छत पर सोने चले गए थे।
सुबह नीचे पड़ा मिला शव
हादसा रात के किस पहर हुआ, इसका सटीक पता नहीं चल सका है। आज सुबह जब घर के अन्य सदस्य जागे, तो उन्होंने जितेन्द्र को नीचे जमीन पर पड़ा हुआ देखा। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हादसा छत से गिरने का लग रहा है, लेकिन मौत के सटीक कारणों और हादसे की परिस्थितियों की गहनता से जांच की जा रही है।
