इंदौर: सराफा बाजार में 15 लाख रुपए की चांदी लेकर फरार हुए नौकर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामले में चोरी की चांदी खरीदने वाले आरोपी को भी दबोचा लिया है. पुलिस ने 5 किलो 800 ग्राम चांदी बरामद कर न्यायालय के आदेश पर फरियादी को वापस सौंप दिया.घटना 8 अप्रैल की है, जब सराफा क्षेत्र स्थित विहर्ष ज्वेलर्स के संचालक ने अपने नौकर को चांदी लाने भेजा था.
नौकर 6 किलो से अधिक चांदी लेकर निकला, लेकिन दुकान नहीं पहुंचा और फरार हो गया. मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सराफा पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की. पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में उसने चांदी का कुछ हिस्सा बेचने की बात कबूली, इसके बाद खरीदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपियों के पास से 5 किलो 800 ग्राम चांदी, एक एक्टिवा और मोबाइल फोन जब्त किया गया है. आरोपियों का नाम पंकज निमावत और राहुल बताया गया है. पुलिस ने पूरा माल बरामद कर न्यायालय के आदेश पर फरियादी के सुपुर्द कर दिया, मामले में आगे की जांच जारी है.
