जबलपुर : शहर में गुरूवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को उस वक्त राहत मिली जब दोपहर में आसमान में काले बादल छा गए और शाम ढलते ही देखते ही देखते तेज धूलभरी आंधी चलने लगी। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि सडक़ों पर दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे यातायात की गति भी धीमी पड़ गई। आंधी के साथ ही रिमझिम बारिश का दौर शुरू हो गया। जिससे तपती गर्मी से लोगों को राहत मिली। शाम के समय लोग सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए घरों से बाहर निकले। मौसम में आए इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। तेज आंधी के कारण आधे शहर की बिजली व्यवस्था ठप हो गई । रसल चौक, नेपियर टाउन, अधारताल, घमापुर, गोहलपुर, ओमती, ठक्कर ग्राम समेत अन्य कई इलाकों की बिजली गुल रही । कई जगह आंधी के कारण पेड़ों की टहनियां टूटकर भी गिरी ।
ऐसा रहा तापमान
गुरूवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक ररहा। सुबह के वक्त आद्रता 43 और शाम को 28 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिम हवाएं चार किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
गरज चमक के साथ बारिश के आसार
एक नया पश्चिमी विक्षोभ 2 मई से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो गरज चमक के साथ बारिश के आसार है। मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों में रुक-रुक कर बारिश और हवाएं चलने की संभावना जताई है।
ये सिस्टम है सक्रिय
मौसम विभाग की माने तो एक पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में कश्मीर और निकटवर्ती क्षेत्र में माध्य समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किमी की ऊंचाई पर अवस्थित है। एक ट्रफ मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में माध्य समुद्र तल से 7.6 किमी ऊँचाई पर था, जो आगे बढ़ चुका है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, उत्तर पंजाब और निकटवर्ती क्षेत्र में माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊँचाई पर सक्रिय है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश और निकटवर्ती क्षेत्र में माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है।
