इंदौर: गर्मी बढ़ने के साथ शहर में पानी की मांग ज्यादा बढ़ गई है. इसको देखते हुए महापौर आज सुबह जल्दी शहर के जल यंत्रालय कार्यालय पहुंचे. उन्होंने शहर में पानी सप्लाई व्यवस्था को लेकर रजिस्टर का अवलोकन किया. साथ ही मानव और आपूर्ति की जानकारी ली.महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने आज तड़के नगर निगम के बिजलपुर स्थित जल यंत्रालय एवं नर्मदा जल वितरण कक्ष का निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान महापौर ने पानी की टंकियों में हो रही जल आपूर्ति की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की. उन्होंने जल वितरण व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए. महापौर ने जल आपूर्ति के लिए पानी भरने में लगे टैंकर की स्थिति को भी देखा. महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरवासियों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र में जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो. जलकार्य प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा भी मौजूद थे.
