
नीमच । नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) नीमच ने 50 क्विंटल से अधिक डोडाचूरा की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उपयोग में लिया गया कंटेनर ट्रक भी जब्त कर लिया गया।सीबीएन मध्यप्रदेश इकाई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 29 अप्रैल को आगरा-भरतपुर हाईवे पर सेवर (भरतपुर) स्थित कदमकुंज रिसोर्ट के पास एक संदिग्ध टाटा कंटेनर ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में छिपाकर रखी गई 252 बोरियों से कुल 5096.11 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि हरियाणा नंबर का यह ट्रक झारखंड क्षेत्र से मारवाड़ की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहा था। सूचना मिलते ही सीबीएन नीमच की टीम ने निगरानी बढ़ाते हुए संदिग्ध वाहन को चिन्हित कर इंटरसेप्ट किया और चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रक में डोडाचूरा छिपाकर ले जाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
