उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बना रहा हरियाणा निवेश बढ़ेगा और रोजगार सृजित होंगे:सैनी

चंडीगढ़, 30 अप्रैल (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है, जिससे निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

संत कबीर कुटीर स्थित अपने आवास पर पंजाब के उद्योगपतियों के साथ संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने गुरुवार को बताया कि राज्य सरकार एक व्यापक और भविष्य उन्मुख औद्योगिक नीति तैयार कर रही है। इस नीति का उद्देश्य हरियाणा को देश का अग्रणी औद्योगिक केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि नीति को प्रभावी बनाने के लिए उद्योग जगत से सुझाव भी लिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने पंजाब के उद्योगपतियों को हरियाणा में निवेश का खुला आमंत्रण देते हुए कहा कि ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ में राज्य ने उल्लेखनीय सुधार किये हैं। बेहतर सड़क नेटवर्क और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ाव के कारण प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बना है।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के चलते युवाओं का भरोसा बढ़ा है और वे प्रतियोगी परीक्षाओं की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा कि रोजगार के अवसर मिलने से वे नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विदेश सहयोग के माध्यम से युवाओं को इजराइल, जर्मनी सहित अन्य देशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, विदेशी सरकारों के साथ समन्वय स्थापित कर उद्योगों की लागत कम करने और निर्यात बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

बैठक में उद्योगपतियों ने हरियाणा सरकार की औद्योगिक नीतियों और बेहतर कनेक्टिविटी की सराहना की तथा राज्य में निवेश की संभावनाओं को सकारात्मक बताया।

Next Post

बेहतर रेल अवसंचना स्थानीय उत्पादों के आसान परिवहन को संभव बनाकर कर रही है आर्थिक विकास में मददः वैष्णव

Thu Apr 30 , 2026
जम्मू 30 अप्रैल (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को कहा कि बेहतर रेल अवसंचना स्थानीय उत्पादों के आसान परिवहन को संभव बनाकर जम्मू-कश्मीर के आर्थिक विकास में मदद कर रही है। श्री वैष्णव ने गुरुवार को यहां श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस की जम्मू तवी तक विस्तारित सेवा का […]

You May Like

मनोरंजन