नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल पूरा होने पर गुरुवार को कहा कि पिछले दो वर्षों में पार्टी संगठन को हर स्तर पर नयी ऊर्जा मिली है और बूथ स्तर तक मजबूती आई है।
श्री यादव ने ‘संगठन सृजन अभियान’ को इस बदलाव की आधारशिला बताते हुए कहा कि इसके तहत जिला और ब्लॉक स्तर पर नयी नियुक्तियां, कार्यकारी समितियों का गठन और निष्क्रिय इकाइयों को सक्रिय किया गया। विधानसभा चुनाव से पहले निकाली गई ‘दिल्ली न्याय यात्रा’ जिसकी शुरुआत अजय माकन, सुखविंदर सिंह सुक्खु और अन्य नेताओं ने राजघाट से की, जनता से सीधा संवाद स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। लगभग 360 किमी की इस यात्रा ने सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया।
उन्होंने स्वीकार किया कि कांग्रेस को सीटें नहीं मिलीं, लेकिन वोट शेयर बढ़ा है और पार्टी ने विपक्ष की भूमिका मजबूत की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार सरकारों के “कुशासन एवं भ्रष्टाचार” को उजागर कर रही है तथा जमीनी स्तर पर जनता से जुड़कर अपनी स्थिति और मजबूत करेगी।
