इंदौर: पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में प्लॉट बेचने के नाम पर दो जालसाजों ने मिलकर प्लॉट के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और एक महिला से करीब 41 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली।
पुलिस के अनुसार, दीपिका कुसमाकर की शिकायत पर आरोपी अमित पिता राकेश शर्मा निवासी छत्रीबाग और उसके साथी सुमित पिता मुकेश कलसेकर निवासी विदुर नगर के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है।
आरोपियों ने 9 अक्टूबर 2025 को छत्रीबाग स्थित एक भूखंड के कूटरचित दस्तावेज तैयार किए थे। इन फर्जी दस्तावेजों को असली बताकर उन्होंने दीपिका को झांसे में लिया और भूखंड बेचने के नाम पर उनसे 41 लाख 80 हजार रुपये ऐंठ लिए। जब धोखाधड़ी की परतें खुलीं, तो पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। पंढरीनाथ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
