हैदराबाद | कल शुक्रवार, 1 मई से नए महीने की शुरुआत के साथ ही देश में कई महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहे हैं। सरकारी तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। संभावना है कि कल सुबह घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए रेट जारी किए जाएंगे, जिसका सीधा असर आम आदमी की रसोई और रेस्टोरेंट के बजट पर पड़ेगा। इसके साथ ही सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) की कीमतों में भी संशोधन की उम्मीद है। यदि कीमतों में बढ़ोतरी होती है, तो वाहन स्वामियों और पाइपलाइन गैस उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ बढ़ना तय है।
बैंकिंग क्षेत्र में भी कल से बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। देश का सबसे बड़ा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI), अपने क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव कर रहा है। नए नियमों के तहत लेट पेमेंट चार्ज की दरों को संशोधित किया गया है और सालाना फीस माफी के खर्च की सीमा (Spends Limit) को भी बढ़ाया गया है। इसके अतिरिक्त, मई महीने में बैंकों में छुट्टियों की भरमार रहने वाली है। 1 मई को मजदूर दिवस और महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। रिजर्व बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे बैंक जाने से पहले छुट्टियों की सूची जरूर देख लें, हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं निरंतर जारी रहेंगी।
डिजिटल दुनिया के लिए भी 1 मई की तारीख बेहद अहम है। सरकार कल से ‘ऑनलाइन गेमिंग रूल्स 2026’ लागू करने जा रही है, जिसके तहत ‘ऑनलाइन गेमिंग अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ का गठन होगा। नए नियमों के अनुसार, अब ऑनलाइन गेम्स को तीन श्रेणियों—मनी गेम्स, सोशल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स में बांटा जाएगा। सभी गेमिंग कंपनियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा और खिलाड़ियों द्वारा किए जाने वाले वित्तीय लेनदेन पर सरकार की कड़ी नजर रहेगी। इस कदम का उद्देश्य गेमिंग के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और सट्टेबाजी पर लगाम लगाना है, जिससे गेमिंग इंडस्ट्री में पारदर्शिता आएगी।

