इंदौर: शिलॉन्ग मर्डर केस में जांच और न्यायिक प्रक्रिया की रफ्तार को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. उपलब्ध आंकड़े मामले की धीमी प्रगति और कानूनी पेचीदगियों को स्पष्ट रूप से उजागर कर रहे हैं, जिससे केस एक बार फिर चर्चा में आ गया है.जानकारी के अनुसार, इस मामले में कुल 90 गवाहों में से पिछले 10 महीनों में सिर्फ 4 गवाहों की ही गवाही दर्ज हो सकी है. यह आंकड़ा ट्रायल की बेहद धीमी गति को दर्शाता है और न्याय प्रक्रिया की समयबद्धता पर सवाल खड़े करता है.
इसी तरह मामले में कानूनी धाराओं के इस्तेमाल को लेकर भी विवाद सामने आया है. आरोप है कि हत्या जैसे गंभीर प्रकरण में अपेक्षित प्रावधानों के बजाय धारा 103 की जगह धारा 403 जैसे प्रावधान लगाए जाने पर आपत्ति जताई जा रही है, जिसे केस की दिशा और प्रकृति बदलने वाला कदम बताया जा रहा है. कानूनी जानकारों के अनुसार, यह बदलाव न सिर्फ आरोपों की गंभीरता को प्रभावित करता है, बल्कि पूरी जांच और अभियोजन की रणनीति पर भी असर डाल सकता है.
इधर सुनवाई के दौरान कोर्ट में वकीलों और न्यायाधीश के बीच तीखी बहस की स्थिति भी सामने आई, जिससे कार्यवाही प्रभावित होने की बात कही जा रही है. वहीं गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर भी सवाल उठे हैं, जिसमें संवैधानिक प्रावधानों के पालन को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं. कुल मिलाकर यह मामला अब केवल एक हत्या की जांच तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि जांच एजेंसियों की कार्यशैली, कानूनी धाराओं के चयन और न्यायिक प्रक्रिया की गति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है.
