सिलहट, 30 अप्रैल (वार्ता) हर्षिता समरविक्रमा (49) और कप्तान चामरी अटापट्टू (42) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर श्रीलंका की महिला टीम ने गुरुवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में बंगलादेश के खिलाफ 154 रनों का स्कोर बनाया।
आज यहां बंगलादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 22 रन के स्कोर पर हसिनी परेरा (नौ) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आयी इमेशा दुलानी ने कप्तान चामरी अटापट्टू के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 44 रन जोड़े। 11वें ओवर में रितु मोनी ने इमेशा दुलानी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इमेशा दुलानी ने 25 गेंदों में चार चौकों की मदद से 27 रन बनाये। 14वें ओवर में सुल्ताना खातून ने चामरी अटापट्टू का शिकार कर लिया। अटापट्टू ने 37 गेंदों में छह चौकों की मदद से 42 रन बनाये। पारी की आखिरी पर पर हर्षिता समरविक्रमा आउट हुई। उन्होंने 29 गेंदों में चार चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 49 रनों की पारी खेली। उन्हें नाहिदा अख्तर ने आउट किया।
श्रीलंका की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 154 रनों का स्कोर बनाया। नीलक्षिका सिल्वा 22 रन बनाकर नाबाद रही। बंगलादेश के लिए फ़रिहा त्रिस्ना, नाहिदा अख्तर, सुल्ताना खातून और रितु मोनी ने एक -एक बल्लेबाज को आउट किया।
