जबलपुर: जिले में गेहूं की खरीदी में गति आई है और पिछले दो दिनों में 2 हजार से अधिक किसानों से गेहूं का उपार्जन किया गया है। जानकारी के अनुसार जिले के 60 केंद्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी चल रही है। जिसमें अभी तक 5 हजार 692 किसानों से 2 लाख 44 हजार 267 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक सीमा बोरसिया ने बताया कि राज्य शासन ने किसानों की सुविधा को देखते हुए स्लॉट बुकिंग की अवधि 9 मई से बढ़ाकर 23 मई कर दी है।
किसान अब 23 मई तक स्लॉट बुक करा सकेंगे। उन्होंने बताया कि 27 एवं 28 अप्रैल को जिन किसानों की टोकन, पर्ची जारी हुई थी, परन्तु स्लॉट बुकिंग की अवधि समाप्त हो जाने के कारण खरीदी नहीं हो सकी थी, उन किसानों से अब 2 मई तक खरीदी की जा सकेगी। इसके लिए उनकी स्लॉट बुकिंग की अवधि भी बढ़ा दी गई है। समर्थन मूल्य पर गेहूं का विक्रय करने जिले के 50 हजार 788 किसानों द्वारा पंजीयन कराया गया था। इनमें से अभी तक 21 हजार 417 किसानों द्वारा स्लॉट बुक कराये जा चुके हैं।
