कोलकाता, 29 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज कुमार अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि राज्य के उन क्षेत्रों में दोबारा मतदान कराया जाएगा, जहाँ से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के साथ छेड़छाड़ की रिपोर्टें मिली हैं।
श्री अग्रवाल ने ‘यूनीवार्ता’ से बातचीत में कहा, “जहाँ कहीं भी मशीन के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आई हैं, चाहे वह टेप चिपकाकर की गई हो या किसी अन्य तरीके से, हम वहां फिर से मतदान करवाएंगे। हमने पहले दिन से ही यह स्पष्ट कर दिया था कि हम बंगाल में निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराना चाहते हैं। हम सभी शिकायतों का अध्ययन करेंगे और गुरुवार को पुनर्मतदान की घोषणा की जाएगी।”
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोलकाता के बाहरी इलाके पानीहाटी और फालता सहित कई अन्य स्थानों पर ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं।
